गंगा एक्सप्रेसवे से चमकेगा प्रतापगढ़ का आंवला, कौशांबी का केला पहुंचेगा वैश्विक बाजार

किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार, निर्यात बढ़ेगा, रोजगार के खुलेंगे नए अवसर

गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। प्रतापगढ़ का आंवला, कौशांबी का केला और प्रयागराज का अमरूद अब राष्ट्रीय व वैश्विक बाजारों तक तेजी से पहुंचेगा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश का गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ तेज रफ्तार सड़क परियोजना नहीं, बल्कि प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि उत्पादों के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रहा है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी जैसे जिलों के किसानों को अपने उत्पाद देश और विदेश के बाजारों तक तेजी से पहुंचाने का मौका मिलेगा।

गंगा एक्सप्रेसवे से कृषि, व्यापार, पर्यटन और उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है। अब पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश के उत्पाद कम समय में दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अन्य बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि होगी।

प्रयागराज का अमरूद और आलू पाएंगे नई पहचान

प्रयागराज और कौशांबी क्षेत्र अमरूद उत्पादन के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां हजारों किसान बड़ी मात्रा में अमरूद की खेती करते हैं। प्रयागराज का सेबिया अमरूद देश ही नहीं, विदेशों तक अपनी पहचान बना चुका है। बेहतर सड़क संपर्क से इसका निर्यात और तेजी पकड़ सकता है।

सोरांव क्षेत्र आलू बेल्ट के रूप में जाना जाता है, जहां दस हजार से अधिक किसान आलू की खेती करते हैं। एक्सप्रेसवे बनने से आलू की सप्लाई बड़े शहरों और मंडियों तक आसान होगी।

प्रतापगढ़ का आंवला छाएगा बाजार में

प्रतापगढ़ का आंवला देशभर में प्रसिद्ध है। यहां हजारों हेक्टेयर में आंवले की बागवानी होती है और हर साल बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है। आंवले से बने मुरब्बा, कैंडी, अचार, जूस, पाउडर और च्यवनप्राश जैसे उत्पाद पहले से कई राज्यों और विदेशों में भेजे जाते हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे से परिवहन आसान होने पर इन उत्पादों का बाजार और विस्तृत होगा। इससे प्रतापगढ़ के किसानों और छोटे उद्योगों को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।

कौशांबी का केला और बासमती चावल को फायदा

कौशांबी जिले में बड़े पैमाने पर केला की खेती होती है, जिससे हजारों किसान और खेतिहर मजदूर जुड़े हैं। वहीं कोरांव क्षेत्र का बासमती चावल खाड़ी देशों तक अपनी मांग रखता है। बेहतर सड़क संपर्क से इन कृषि उत्पादों की आपूर्ति और निर्यात में तेजी आएगी।

रोजगार और निवेश को भी मिलेगा बढ़ावा

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, प्रोसेसिंग यूनिट, होटल, ट्रांसपोर्ट हब और छोटे उद्योग स्थापित होने की संभावना है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

29 अप्रैल को होगा ऐतिहासिक शुभारंभ

गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरदोई जनपद में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रयागराज समेत कई जिलों में सीधा प्रसारण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

गंगा एक्सप्रेसवे को प्रदेश की विकास रेखा माना जा रहा है, जो गांवों के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का काम करेगा।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button