काशी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बोले – बंगाल जीत के बाद बाबा का आशीर्वाद लेने आया हूं

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन, रुद्राभिषेक के बाद जताया भाजपा की जीत का भरोसा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन काशी पहुंचे। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर बंगाल चुनाव में BJP की जीत का दावा किया। पढ़ें वाराणसी दौरे की पूरी खबर।

वाराणसी। वाराणसी की पावन धरती काशी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पहली बार पहुंचे। उनके आगमन पर एयरपोर्ट से लेकर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। काशी पहुंचते ही उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और विधिवत दर्शन-पूजन किया।

नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और आरती की। मंदिर परिसर में उनके स्वागत के दौरान हर-हर महादेव और जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे।

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के मतदान के बाद वह बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने काशी आए हैं। बंगाल में ममता दीदी जा रही हैं और भाजपा की विजय सुनिश्चित है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से पश्चिम बंगाल में परिवर्तन तय है। पार्टी संगठन मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और जनता विकास के पक्ष में मतदान कर रही है।

नितिन नवीन ने अपने काशी दौरे को विशेष बताते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में आकर उन्हें नई ऊर्जा मिली है। यहां से आशीर्वाद लेकर वह चुनावी अभियान को और अधिक मजबूती देंगे।

मंदिर परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान प्रियांशु त्रिपाठी, संदीप केशरी, राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

काशी में भाजपा अध्यक्ष के इस दौरे को संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासतौर पर ऐसे समय में जब पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button