भीषण आग में कूद पड़े दरोगा जी, वीलचेयर पर फंसी बुजुर्ग महिला को बचाया

लखनऊ के महानगर इलाके में घर में लगी आग, SHO अखिलेश मिश्रा ने जान जोखिम में डालकर दिखाई बहादुरी

Lucknow Fire Case News: लखनऊ के महानगर इलाके में एसी फटने से भीषण आग लग गई। वीलचेयर पर फंसी बुजुर्ग महिला को SHO अखिलेश मिश्रा ने जलते घर में घुसकर सुरक्षित बाहर निकाला।

लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग के बीच पुलिस की बहादुरी का प्रेरणादायक चेहरा सामने आया। घर के अंदर वीलचेयर पर फंसी बुजुर्ग महिला को बचाने के लिए थाना महानगर के एसएचओ अखिलेश मिश्रा जलती आग और घने धुएं के बीच घर में घुस गए और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लाए। इस साहसिक कदम की इलाके भर में चर्चा हो रही है।

बताया जा रहा है कि यह घटना फैजाबाद रोड स्थित आईटी मेट्रो स्टेशन के पास की है। यहां घनश्याम दास अग्रवाल के मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते एसी में विस्फोट हो गया, जिसके बाद घर के एक कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर में धुआं भर गया।

आग लगते ही घर में मौजूद लोग अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन परिवार की बुजुर्ग महिला सविता देवी, जो वीलचेयर पर रहती हैं, अंदर ही फंस गईं। परिवार के लोग उन्हें बचाने के लिए गुहार लगाने लगे, लेकिन आग और धुएं के कारण कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

इसी बीच सूचना पर महानगर थाने के एसएचओ अखिलेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए घर के भीतर प्रवेश किया। तेज लपटों और घने धुएं के बीच उन्होंने बुजुर्ग महिला तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और एसएचओ की बहादुरी की जमकर सराहना की।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का काफी सामान जलकर राख हो चुका था।

इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

एसएचओ अखिलेश मिश्रा की सूझबूझ, त्वरित निर्णय और साहस ने एक परिवार को बड़ी त्रासदी से बचा लिया। उनके इस कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button