“लखनऊ में स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने शक्ति भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। गलत बिलिंग, प्रीपेड मीटर और बिजली कटौती के खिलाफ राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।“
लखनऊ। आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ रविवार को राजधानी लखनऊ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शक्ति भवन के सामने प्रदर्शन करते हुए स्मार्ट मीटर योजना को बंद करने, गलत बिलिंग रोकने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग उठाई।

शक्ति भवन पर जुटे कार्यकर्ता, पुलिस से झड़प
प्रदर्शन अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल की मौजूदगी में और लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
स्मार्ट मीटर योजना पूरी तरह फेल: आप
विनय पटेल ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर योजना जनता को राहत देने के बजाय आर्थिक शोषण का माध्यम बन गई है। उन्होंने कहा कि बैलेंस खत्म होते ही बिजली तुरंत काट दी जाती है, लेकिन रिचार्ज कराने के बाद भी कई घंटों तक बिजली बहाल नहीं होती।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 78 से 80 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें करीब 70 लाख प्रीपेड मीटर हैं। लाखों उपभोक्ता गलत बिलिंग, तेजी से बैलेंस खत्म होने और बार-बार बिजली कटौती से परेशान हैं।
₹1500 का बिल बढ़कर ₹7000 तक पहुंचा: आरोप
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि जिन घरों में पहले 1500 रुपये तक बिजली बिल आता था, वहां अब 6000 से 7000 रुपये तक बिल भेजा जा रहा है। पार्टी ने इसे आम जनता की जेब पर सीधा हमला बताया।

किसानों पर भी असर, नलकूप मीटर बने मुसीबत
इरम रिजवी ने कहा कि किसानों के नलकूपों पर लगाए जा रहे 4जी स्मार्ट मीटर भी नई समस्या बन गए हैं। नेटवर्क समस्या के कारण मीटर ठीक से काम नहीं कर रहे, लेकिन बिल लगातार बढ़ रहे हैं। इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

ये मांगें रखीं गईं
ज्ञापन में आम आदमी पार्टी ने मांग की कि:
- स्मार्ट मीटर परियोजना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- दोषी अधिकारियों और कंपनियों पर कार्रवाई हो।
- जिन उपभोक्ताओं को रिचार्ज के बाद समय से बिजली नहीं मिली, उन्हें मुआवजा दिया जाए।
- 1912 हेल्पलाइन को दुरुस्त कर शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
- स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित लूट तत्काल रोकी जाए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा। किसानों से लेकर आम उपभोक्ताओं तक की आवाज सड़क से सदन तक उठाई जाएगी।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








