राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सीएम योगी की पाती, बोले- यूपी बनेगा देश का ‘डीप टेक कैपिटल’

युवाओं से नवीनतम तकनीक सीखने और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश निर्माण में भागीदारी की अपील, यूपी को ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने का लक्ष्य

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए यूपी को ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने का संकल्प दोहराया। सीएम ने AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, ब्रह्मोस और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में प्रदेश की प्रगति गिनाई।

लखनऊ। Yogi Adityanath ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी करते हुए विज्ञान, तकनीक और नवाचार को आत्मनिर्भर भारत एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 मई भारत के वैज्ञानिक गौरव का प्रतीक दिन है, जब पोखरण में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के जरिए देश ने पूरी दुनिया को अपनी वैज्ञानिक क्षमता का एहसास कराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन स्वदेशी हंस-3 विमान ने सफल उड़ान भरी थी और त्रिशूल मिसाइल का सफल परीक्षण भी किया गया था। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता, संकल्प और तकनीकी शक्ति का भी प्रतीक है।

‘तकनीक विकास ही नहीं, आत्मनिर्भरता का आधार’

सीएम योगी ने कहा कि आज तकनीक केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि खेत-खलिहानों से लेकर उद्योगों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा तक हर क्षेत्र में परिवर्तन का माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि तकनीक विकास का माध्यम ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार भी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को तकनीकी और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन शुरू किया गया है, जबकि डेटा सेंटर क्लस्टर स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्यवाही चल रही है।

‘युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत’

मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रदेश की समृद्धि का आधार बताते हुए कहा कि सरकार ‘टेक युवा समर्थ युवा’ योजना के जरिए युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दे रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नई तकनीकों को सीखें, नवाचार को अपनाएं और आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

सीएम ने कहा कि सरकार का मूलमंत्र “Innovate in UP, Scale for the World” है। इसी सोच के तहत यूपी में ड्रोन टेक्नोलॉजी, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।

‘यूपी बनेगा डीप टेक कैपिटल’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का “डीप टेक कैपिटल” बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब ब्रह्मोस मिसाइल जैसे अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण भी हो रहा है, जो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और तकनीकी क्षमता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “तकनीक समय की तरह है। यदि हम तकनीक के साथ नहीं चलेंगे, तो समय से पिछड़ जाएंगे।”

उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस को पूर्व प्रधानमंत्री Atal Bihari Vajpayee की दूरदर्शी सोच और वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता के संकल्प को याद करने का अवसर बताते हुए कहा कि युवाओं द्वारा नवाचार और तकनीक को अपनाना ही अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button