“UP Weather Today: मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। बांदा में सबसे ज्यादा 43.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि लखनऊ में पारा 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।“
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के आठ जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है।
राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को सुबह हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। शनिवार को राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक Atul Kumar Singh ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बांदा में दर्ज किया गया, जहां पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा उरई में 43 डिग्री, झांसी में 42.8 डिग्री और आगरा में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को गर्म हवाओं से बचने की हिदायत दी गई है। चिकित्सकों ने भी तेज धूप में अधिक देर तक रहने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है और बिजली की मांग में भी तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









