“वाराणसी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए गांव डोमरी में 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीण पेयजल संकट और भीषण गर्मी से परेशान हैं। सारनाथ समेत कई इलाकों में भी बिजली कटौती से लोग आक्रोशित हैं।“
वाराणसी। भीषण गर्मी के बीच वाराणसी की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के गोद लिए गांव डोमरी में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली न होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है और लोग उमस भरी गर्मी में परेशान हैं।
रामनगर क्षेत्र के डोमरी गांव में सोमवार सुबह बंधा रोड स्थित ट्रांसफार्मर जलने के बाद से बिजली आपूर्ति बाधित है। विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर को दो बार ठीक करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों बार मरम्मत सफल नहीं हो सकी।
1500 से ज्यादा आबादी अंधेरे में
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के करीब 250 घरों में पिछले दो दिनों से बिजली नहीं है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है। कई परिवारों को जनरेटर और वैकल्पिक साधनों के सहारे काम चलाना पड़ रहा है।
ग्रामीण रवि मिश्रा ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
ट्रांसफार्मर के पास ग्रामीणों ने दिया धरना
बुधवार शाम गुस्साए ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर के पास धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद बिजली विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सारनाथ में ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग, कई कॉलोनियों की बिजली ठप
सारनाथ क्षेत्र में भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। बुद्धा नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह 400 केवीए ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग होने के बाद धुआं निकलने लगा और बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मरम्मत कार्य के बाद करीब चार घंटे बाद सप्लाई बहाल हो सकी। वहीं बुद्धा सिटी कॉलोनी में ट्रांसफार्मर का ड्राप आउट खराब होने से रातभर बिजली संकट बना रहा।
तड़िया चकविही, गणपत नगर, अमनपुरी, अवधपुरी और तुलसी नगर कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में भी करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
दिनभर ट्रिपिंग से लोग परेशान
शक्तिपीठ उपकेंद्र से जुड़ा फरीदपुर फीडर पूरे दिन चार बार ट्रिप करता रहा। कोईलहवां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों में सुबह से रात तक बार-बार बिजली कटौती हुई।
लालजी कुआं, पंचकोशी मार्ग, नेपाली बाग और खुशहाल नगर जैसे इलाकों में एक फेज की सप्लाई लगातार बाधित रही। वहीं बड़ागांव बाजार में भी पिछले एक सप्ताह से बिजली की समस्या बनी हुई है।
कई कॉलोनियों में रातभर गुल रही बिजली
अमरा खैरा, शिव विहार कॉलोनी, पार्वती नगर फीडर क्षेत्र, शिवनगर कॉलोनी, सिकरौल मोहल्ला और कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गायब रही।
लोगों का कहना है कि हर आधे घंटे में ट्रिपिंग होने से इन्वर्टर भी जवाब दे रहे हैं। गर्मी और उमस के कारण बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









