प्रो. जय प्रकाश पांडेय को AKTU की कमान फिर मिली, तीन साल बढ़ा कार्यकाल

कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने जारी किया आदेश, एआई हब और स्किल डवलपमेंट पर रहेगा फोकस

AKTU कुलपति कार्यकाल विस्तार: लखनऊ स्थित Dr. A.P.J. Abdul Kalam Technical University में कुलपति प्रो. जय प्रकाश पांडेय का कार्यकाल राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा 3 वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। इससे विश्वविद्यालय में शिक्षा, एआई, स्किल डेवलपमेंट और रिसर्च को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

लखनऊ। Dr. A.P.J. Abdul Kalam Technical University (AKTU) में कुलपति को लेकर चल रही अटकलों पर गुरुवार को विराम लग गया। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने प्रो. जय प्रकाश पांडेय का कार्यकाल अगले तीन वर्षों के लिए बढ़ा दिया है। इसके साथ ही वह एक बार फिर विश्वविद्यालय की कमान संभालते रहेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रो. जय प्रकाश पांडेय का पिछला कार्यकाल 15 मई को समाप्त हो गया था। इसके बाद उन्हें अगले आदेश तक पद पर बने रहने की अनुमति दी गई थी। अब औपचारिक आदेश जारी होने के बाद वह कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्षों तक कुलपति पद पर बने रहेंगे।

नई कार्ययोजना पर जोर, एआई और स्किल डेवलपमेंट बने प्राथमिकता

पुनः नियुक्ति के बाद प्रो. जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले वर्षों में विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि AKTU को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना भी है।

उन्होंने कहा कि छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा देने पर विशेष ध्यान रहेगा और स्किल डवलपमेंट सेंटरों को और मजबूत किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार किया जा सके।

पहले कार्यकाल में कई अहम उपलब्धियां

अपने पहले कार्यकाल में प्रो. पांडेय ने विश्वविद्यालय में कई बड़े बदलाव किए। शैक्षणिक गुणवत्ता को सुधारने के साथ-साथ शोध और नवाचार को भी बढ़ावा दिया गया। रोजगारपरक शिक्षा पर जोर देते हुए ट्रेनिंग और प्लेसमेंट गतिविधियों को मजबूत किया गया।

इसी दौरान विश्वविद्यालय को पहली बार राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से ग्रेडिंग मिली और पहले ही प्रयास में ‘A+’ ग्रेड प्राप्त हुआ, जिससे तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में AKTU की पहचान और मजबूत हुई।

नए कोर्स और इंडस्ट्री कनेक्ट में बढ़ोतरी

उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय में पहली बार इंटरडिसिप्लिनरी बीटेक कोर्स शुरू किए गए। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और वीएलएसआई जैसी आधुनिक तकनीकों में नई ब्रांच भी शुरू की गईं।

इंडस्ट्री कनेक्ट को मजबूत करने के लिए विभिन्न कंपनियों के सहयोग से प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किए गए, जिससे छात्रों के प्लेसमेंट में सुधार देखने को मिला।

विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल

कुलपति के रूप में फिर से नियुक्ति के बाद विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रो. पांडेय को शुभकामनाएं दीं। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नए कार्यकाल में AKTU तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button