दिल्ली-यूपी में लू का कहर, केरल-तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत में 47 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश व तेज हवाओं की चेतावनी

IMD Weather Update: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी है। वहीं केरल, तमिलनाडु, असम और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। जानिए मानसून और मौसम का ताजा अपडेट।

नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने दो अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में हीटवेव और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले सात दिनों तक लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज होने लगी हैं।

केरल-तमिलनाडु में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, माहे और पूर्वोत्तर भारत में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी की भी चेतावनी दी गई है।

आईएमडी के मुताबिक 25 से 28 मई के बीच केरल, माहे और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंतरिक कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम बदलने लगा है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 25 और 26 मई को भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली-एनसीआर और यूपी में लू का अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने 27 मई तक लू का यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 29 मई तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

राजस्थान में 47 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

राजस्थान में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मध्य प्रदेश में भी अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर और अकोला जैसे जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है।

पंजाब-हरियाणा में भी गर्मी से हाल बेहाल

पंजाब और हरियाणा में भी गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब में 26 मई तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button