“गाजीपुर में समाजवादी पार्टी की सदर विधानसभा सीट के टिकट को लेकर विवाद बढ़ गया है। सपा नेता जगत मोहन बिंद ने बिंदु बाला बिंद समेत तीन लोगों पर रंगदारी मांगने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।“
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की सदर विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। सपा नेता और अधिवक्ता जगत मोहन बिंद ने पार्टी की पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव बिंदु बाला बिंद, उनके पति केशव बिंद और जेठ अच्छेलाल बिंद के खिलाफ रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली में दी गई तहरीर में जगत मोहन बिंद ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं और गाजीपुर सदर विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बिंदु बाला बिंद भी इसी सीट से टिकट की दावेदार हैं और राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के चलते उन पर दबाव बनाया गया।
टिकट की दावेदारी छोड़ने का बनाया दबाव
तहरीर के अनुसार, बीते 16 मार्च को केशव बिंद ने फोन कर उनसे पांच लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि उनसे कहा गया कि या तो वह विधानसभा टिकट की दावेदारी छोड़ दें या फिर रुपये दें। इसके बाद 11 अप्रैल को बिंदु बाला बिंद और अच्छेलाल बिंद उनके घर पहुंचे और पांच दिन के भीतर रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
जगत मोहन बिंद का आरोप है कि डर और दबाव के चलते उन्होंने आरोपितों को 50 हजार रुपये भी दिए। इसमें 30 हजार रुपये उन्होंने अपने एक मित्र से उधार लेकर दिए थे। उन्होंने कहा कि अब दोबारा रुपये की मांग की जा रही है, जिससे उनका परिवार भय और तनाव में है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले में कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सपा नेत्री बिंदु बाला बिंद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने और उनकी छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
घटना के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इस मामले को आगामी विधानसभा चुनाव की टिकट राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









