“बागपत के अमीनगर सराय स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में बंदरों की गतिविधि के कारण कैपेसिटर में भीषण आग लग गई। हादसे में 24 कैपेसिटर कैप्सूल जल गए और 13 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पढ़ें पूरी खबर।“
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अमीनगर सराय कस्बे स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बंदरों की गतिविधियों के कारण कैपेसिटर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और उपकेंद्र के 24 कैपेसिटर कैप्सूल धू-धूकर जल उठे।
आग लगने के बाद उपकेंद्र से उठते धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वहीं सराय चौकी क्षेत्र की फायर ब्रिगेड टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो आग उपकेंद्र की अन्य मशीनों और उपकरणों तक फैल सकती थी, जिससे नुकसान कई गुना बढ़ सकता था।
13 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित
आग लगने के कारण अमीनगर सराय उपकेंद्र से जुड़े 13 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इससे भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली आपूर्ति प्रभावित होने वाले प्रमुख गांवों में हजूराबाद गढ़ी, बुढसैनी, बिलोचपुरा, टेड़ा, मवीकलां, रामनगर, सैडभर, सिंघावली अहीर, ग्वालीखेड़ा, अमीनगर सराय, बरसिया, किंडोरा और लुहारा शामिल हैं।
लाखों के नुकसान का अनुमान
हादसे में 24 कैपेसिटर कैप्सूल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा विद्युत लाइन और अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बिजली विभाग को लाखों रुपये की क्षति हुई है।
जांच में जुटा बिजली विभाग
घटना की जानकारी मिलते ही पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। विभाग ने क्षतिग्रस्त उपकरणों को बदलने और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है।
पावर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता जगदीश चंद्र ने बताया कि बंदरों की गतिविधियों के कारण उपकेंद्र में आग लगी, जिससे कैपेसिटर, मशीनरी और विद्युत लाइनों को नुकसान पहुंचा है। क्षतिग्रस्त उपकरणों को बदलने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









