“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 525 करोड़ की 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए मंदिर, विकास, कानून व्यवस्था और कुशीनगर एयरपोर्ट को लेकर बड़ा बयान दिया।“
कुशीनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर के टेकुआटार में 525 करोड़ रुपये की 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि जिन सरकारों के समय मंदिरों पर कब्जे होते थे और आस्था से जुड़े धन का दुरुपयोग किया जाता था, वे लोग कभी काशी, मथुरा और अयोध्या के विकास के बारे में नहीं सोच सकते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म और आस्था पर सवाल उठाने वालों को पहले अपना अतीत देखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सात से आठ नए मंदिरों के निर्माण का काम किया गया है।
‘2017 से पहले नीति और नीयत दोनों का अभाव था’
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में “पॉलिसी पैरालाइसिस” की स्थिति थी। उन्होंने कहा कि उस समय न नीति थी और न ही नीयत, जिसके कारण विकास कार्य बाधित रहे और निवेश प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा, “पहले प्रदेश में दंगे होते थे, आज नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा है।”
इंसेफेलाइटिस और भूख से मौतों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कुशीनगर और पूर्वांचल की पुरानी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इंसेफेलाइटिस से मासूमों की मौत होती थी और गरीब परिवारों को भूख का सामना करना पड़ता था। अब सरकार की योजनाओं से लोगों को आवास, बिजली, गैस कनेक्शन, इलाज और रोजगार जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
अन्नप्राशन कार्यक्रम में एक बच्चे को गोद में लेकर सीएम योगी ने कहा कि बच्चे की मुस्कान प्रदेश के सुरक्षित भविष्य का संकेत है।
नारायणी नदी पर बनेगा 800 करोड़ का पुल
सीएम योगी ने नारायणी नदी के पार बसे दियारा क्षेत्र के विकास की बात करते हुए कहा कि वहां पुल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के गांवों को मुख्यधारा से जोड़ेगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही दियारा क्षेत्र की समस्या का समाधान किया जाएगा।
कुशीनगर एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी उड़ानें
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान शुरू नहीं होने को लेकर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण नए एयरक्राफ्ट उपलब्ध नहीं हो सके। जल्द ही आधुनिक विमानों के साथ कुशीनगर से उड़ानें शुरू होंगी।
उन्होंने बताया कि कुशीनगर एयरपोर्ट को गया और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय दुबे और गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








