Asian Para Games 2026 : पैरा एशियाई खेलों में भारत का जलवा, मोना अग्रवाल ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

पैरा एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन, मोना अग्रवाल ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

Asian Para Games 2026  : पैरा एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के अंतिम पड़ाव पर भारत के खिलाड़ी निशानेबाजी और एथलेटिक्स समेत कई स्पर्धाओं में पदक जीत रहे हैं। हालांकि, पिछले खेलों की तुलना में भारत के पदकों की संख्या अभी पीछे बताई जा रही है, लेकिन प्रतियोगिता के आखिरी दिनों में खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

मोना अग्रवाल ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

भारतीय पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन एसएच1 स्पर्धा में 357.5 अंक हासिल कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्वीडन की अन्ना बेन्सन के नाम था, जिन्होंने 356 अंक हासिल किए थे। वहीं, भारत की अवनि लेखरा 333.2 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं। चीन की कुइपिंग झांग ने रजत और दक्षिण कोरिया की मायौंग किम ने कांस्य पदक जीता।

पैरा एथलेटिक्स में भी भारत को गोल्ड

पैरा जेवलिन थ्रो की टी37 कैटेगरी में भारतीय खिलाड़ी हेनी ने 60.49 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनके प्रदर्शन के साथ विश्व रिकॉर्ड बनने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं, पुरुषों की 400 मीटर टी44 फाइनल स्पर्धा में संदीप कुमार ने 52.28 सेकंड का समय निकालकर गोल्ड मेडल जीता और अपनी कैटेगरी में विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसी स्पर्धा में अजय कुमार ने 53.61 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

जेहान मदान और शुभम वाधवा ने जीता कांस्य

भारत के जेहान डोराब मदान और शुभम वाधवा ने डब्ल्यूआर-15 इवेंट में कांस्य पदक जीतकर देश के पदकों में इजाफा किया। 50 वर्षीय जेहान इन खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय दल के सबसे उम्रदराज सदस्य बताए जा रहे हैं।

रिकर्व मिक्स्ड टीम को कांस्य मुकाबले में मिली हार

पैरा रिकर्व मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक के मुकाबले में ईरान के खिलाफ 4-5 से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला कड़ा रहा और भारतीय टीम ने आखिरी तक संघर्ष किया, लेकिन पदक जीतने में सफल नहीं हो सकी।

पैरा एशियाई खेलों के अंतिम दिनों में भारतीय खिलाड़ी पैरा जेवलिन थ्रो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स और आर्चरी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। अब सभी की नजरें आने वाले मुकाबलों पर हैं, जहां भारतीय दल से और पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है।

Back to top button