
देहरादून : गायक मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया है। मीका सिंह ने बताया कि दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से फोन किया था। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
मीका सिंह ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अच्छी तरह जानते हैं और उन्हें विनम्र तथा जमीन से जुड़ा व्यक्ति मानते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रति उनके मन में बहुत सम्मान है।

मीका सिंह ने मुख्यमंत्री धामी से अनुरोध किया कि वह कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देने और माफी मांगने के लिए कहें। यह मामला टिहरी के कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान उनके नशे में होने संबंधी कथित टिप्पणी से जुड़ा है।
मीका सिंह ने कहा कि कई बार गलतफहमियां पैदा हो जाती हैं, लेकिन उन्हें सम्मानजनक तरीके से दूर किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दिशा में उठाया गया छोटा-सा कदम विवाद को खत्म करने में मदद करेगा और दलेर मेहंदी के सम्मान एवं प्रतिष्ठा का ध्यान रखा जाएगा।
गायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और समझ पर भरोसा जताते हुए विवाद को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने की अपील की।








