
बांग्लादेश से क्रिकेट जगत के लिए दुखद खबर सामने आई है। युवा क्रिकेटर मेहदी हसन हृदोय का गंभीर बीमारी के चलते निधन हो गया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि हृदोय ल्यूकेमिया से जूझ रहे थे। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।
अंडर-18 टीम के लिए खेल चुके थे हृदोय
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार, 24 अक्टूबर को जारी बयान में बताया कि मेहदी हसन हृदोय चट्टोग्राम डिवीजन की अंडर-18 टीम का हिस्सा रह चुके थे। वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज थे और उन्हें भविष्य का होनहार खिलाड़ी माना जा रहा था। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी उम्र 18 साल थी।
BCB ने अपने बयान में हृदोय के निधन पर दुख जताते हुए उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बोर्ड ने कहा कि इस मुश्किल समय में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।

ढाका ले जाते समय एंबुलेंस में हुआ निधन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हृदोय को इलाज के लिए ढाका ले जाया जा रहा था, तभी एंबुलेंस में उनका निधन हो गया। बीमारी के दौरान बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उनके इलाज के लिए आर्थिक मदद भी की थी।
बताया गया है कि 2 जुलाई को युवा एवं खेल मंत्रालय के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने BCB के प्रबंधन कार्यालय में मेहदी के पिता को 5 लाख टका का चेक सौंपा था। इस मौके का वीडियो भी बोर्ड की ओर से जारी किया गया था।
हृदोय के निधन से बांग्लादेश क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है। एक उभरते हुए खिलाड़ी का इतनी कम उम्र में दुनिया से चले जाना खेल जगत के लिए बेहद दुखद है।








