
चक्रवात अर्नब के चलते ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगड़ा, गजपति और कालाहांडी में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है। वहीं, बारगढ़, सुबरनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बलांगीर, कंधमाल, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। 29 अक्टूबर के लिए सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बारगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान बना अर्नब
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात अर्नब ने रात दो बजे से सुबह आठ बजे के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार किया। उस समय हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी। बाद में सुबह 8:30 बजे तक यह कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया और हवा की रफ्तार घटकर 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रह गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर होगा। इसके दक्षिणी ओडिशा से गुजरकर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है।

ओडिशा में 30 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राज्य के दक्षिणी हिस्से में हाई अलर्ट जारी किया गया है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के मुताबिक, मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति, गंजाम और नबरंगपुर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने राहत और बचाव दलों के साथ जरूरी उपकरण भी तैनात किए हैं।
चक्रवात से उड़ान सेवाएं प्रभावित
चक्रवात अर्नब के कारण विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और राजमुंदरी में उड़ान सेवाओं पर असर पड़ा है। कई उड़ानें रद्द की गई हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है। विमानन कंपनियों को भी उड़ानों में देरी, रद्द होने और रीबुकिंग या रिफंड से जुड़ी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
यानम में NDRF का राहत अभियान
तेज हवाओं के कारण यानम में कई पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे घरों और सड़कों को नुकसान पहुंचा है। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें मलबा हटाने और रास्ते साफ करने में जुटी हैं।
NDRF कमांडर ईश्वर राव गाडे के अनुसार, एक बड़ा बरगद का पेड़ घर पर गिर गया था। हालांकि, घर में मौजूद लोगों को पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया था। राहत दल प्रभावित इलाकों में सफाई और बचाव कार्य जारी रखे हुए हैं।









