
हरपालपुर, हरदोई: बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के दुर्गागंज के पास बोलेरो गाड़ी में मृत मिले युवक सोनू की मौत के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो दोस्तों, उर्वेश यादव और रोहित, के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और दोबारा पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर विरोध किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को शव का दोबारा पैनल से पोस्टमार्टम कराने और घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में दुर्गागंज के पास बोलेरो गाड़ी में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के गुलौली गांव निवासी सोनू का शव मिला था। इस मामले में मृतक के भाई मोनू उर्फ अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार देर रात उर्वेश यादव और रोहित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पैसों के लेनदेन के विवाद में दोनों आरोपियों ने सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी और वारदात को सड़क हादसे का रूप देने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंक दिया। तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने सांडी रोड पर लमकन पुल के पास आलोक और शीतल को तमंचा दिखाकर गाड़ी से उतार दिया था। इस दौरान उन्होंने धमकी देते हुए कहा था कि बुकिंग केवल एक बहाना है और वे आज सोनू को जिंदा नहीं छोड़ेंगे।
आरोप है कि इसके बाद रात करीब 10 बजे दुर्गागंज के पास सोनू की हत्या कर दी गई। उधर, पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार सुबह सोनू का शव घर पहुंचा तो परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने शव घर के बाहर रखकर विरोध जताया। मौके पर पहुंची हरपालपुर कोतवाली पुलिस ने परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। विधायक ने संबंधित पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर शव का दोबारा पैनल से पोस्टमार्टम कराने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। हरपालपुर कोतवाली पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शव को अपने कब्जे में लेकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। बिलग्राम थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।








