
Noida : नोएडा में अपंजीकृत क्लिनिक संचालक से फोन पर रिश्वत मांगने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ. सचिंद्र कुमार मिश्रा को शासन ने निलंबित कर दिया है। चिकित्सा विभाग की प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। मामले की जांच मेरठ मंडल के अपर निदेशक को सौंपी गई है।
22 अक्टूबर को हुई निलंबन की कार्रवाई
शासन की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, डॉ. सचिंद्र कुमार मिश्रा बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी के पद पर तैनात थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने बिसरख स्थित एक क्लिनिक के संचालक पवन चौधरी को फोन कर पैसों की मांग की थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली के तहत कार्रवाई की है। डॉ. मिश्रा को 22 अक्टूबर 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के बाद उन्हें अपर निदेशक, मेरठ मंडल के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
हालांकि, निलंबन से संबंधित डिजिटल आदेश गौतमबुद्ध नगर के स्वास्थ्य विभाग को मंगलवार को प्राप्त हुआ।

जांच के लिए बनाई जाएगी टीम
मेरठ मंडल के अपर निदेशक डॉ. मनोज सेन ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में तैनात लेवल-3 के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिंद्र कुमार मिश्रा को शासन ने निलंबित किया है। मामले की जांच के लिए उनके कार्यालय को पत्र मिला है। शासन के निर्देशों के अनुसार जल्द ही जांच टीम गठित की जाएगी।
सीएमओ बोले- पत्र मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
वहीं, गौतमबुद्ध नगर के सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने कहा कि अभी तक उनके कार्यालय को शासन का निलंबन पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









