
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। राजभर ने कहा कि चर्चा है कि अखिलेश यादव अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। अगर उनमें हिम्मत है तो उन्हें किसी एक सीट से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।
‘चुनाव से भागने वाला नेता नहीं होता’
ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि नेता वह नहीं होता, जो चुनाव से पीछे हट जाए। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह टोना-टोटका में विश्वास करते हैं। बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री बन जाना भी उनके लिए किसी टोना-टोटका से कम नहीं था।
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव रेडीमेड पार्टी के रेडीमेड शहजादे हैं और इसी वजह से मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने दावा किया कि अब अखिलेश को चुनाव लड़ने पर हार का डर सता रहा है, इसलिए वह चुनावी मैदान से दूरी बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
अखिलेश यादव को काशी जाने की दी सलाह
राजभर ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता ने करीब 10 साल पहले ही टोना-टोटका मानने वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया था। उनके मुताबिक, अब प्रदेश से भूत-प्रेत और टोना-टोटका जैसी चीजें खत्म हो चुकी हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव एक बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं और अब दोबारा मुख्यमंत्री बनने की उनकी उम्मीद नहीं है। राजभर ने उन्हें काशी जाकर बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन करने की सलाह भी दी।
राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।









