
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है। बीजेपी ने भी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मथुरा में पार्टी का दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया गया। इस बैठक में संगठन को मजबूत करने से लेकर आगामी चुनाव के मुद्दों तक पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल के बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
धर्मपाल ने कहा कि बीजेपी के प्रमुख मुद्दों में से उत्तर प्रदेश में अभी सिर्फ राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का काम पूरा हुआ है। बाकी मुद्दों पर अभी काम होना बाकी है। उनके इस बयान को मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अयोध्या के बाद अब बीजेपी मथुरा को अपनी राजनीतिक रणनीति में अहम जगह देने की तैयारी कर रही है।
मथुरा कृष्ण जन्मभूमि मंदिर पर केशव मौर्य का बड़ा बयान
मथुरा को लेकर बीजेपी के नेताओं की बयानबाजी पहले भी सामने आती रही है। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर निर्माण की बात कही थी। उन्होंने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा था कि अयोध्या तो हमारी हो गई है, अब मथुरा की बारी है।
इतना ही नहीं, केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के लिए कार सेवा करने का न्योता भी दिया था। उनके इस बयान ने यूपी की राजनीति में एक बार फिर मथुरा के मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया।
अखिलेश यादव के सॉफ्ट हिंदुत्व को बीजेपी कैसे देगी जवाब?
मथुरा का मुद्दा ऐसे समय में जोर पकड़ रहा है, जब अखिलेश यादव भी भगवान श्रीकृष्ण को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान के बाद अखिलेश ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी थी। वह भगवान कृष्ण को अपना आराध्य बताते हुए बीजेपी पर सवाल उठाते रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अखिलेश यादव की इस रणनीति को सॉफ्ट हिंदुत्व की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में बीजेपी भी इस मुद्दे पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है, ताकि विपक्ष को हिंदुत्व के मोर्चे पर खुलकर चुनौती दी जा सके।
अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले के जवाब में हिंदुत्व और विकास का दांव
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी की चिंतन बैठक में अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले का जवाब देने पर भी चर्चा हुई। पार्टी की रणनीति है कि सामाजिक समीकरणों के साथ हिंदुत्व और विकास के मुद्दों को भी मजबूती से उठाया जाए।
बीजेपी मानती है कि सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी से चुनाव नहीं जीता जा सकता। इसके लिए जनता के बीच सरकार के कामकाज को पहुंचाना भी जरूरी है। इसी वजह से पार्टी सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों और सुशासन को भी अपने चुनावी अभियान का अहम हिस्सा बनाने की तैयारी में है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी बनी चिंतन शिविर का मुद्दा
मथुरा में हुई बैठक में सिर्फ हिंदुत्व और चुनावी मुद्दों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि संगठन के अंदर चल रही चुनौतियों पर भी नेताओं ने अपनी बात रखी। कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि अगर समय रहते कार्यकर्ताओं की समस्याओं और शिकायतों को दूर नहीं किया गया तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।
पार्टी के नेताओं का मानना है कि चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन का मजबूत होना बेहद जरूरी है। इसलिए कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने और उनकी नाराजगी दूर करने पर भी जोर दिया गया।
नए तेवर और नए मुद्दों के साथ मैदान में उतरेगी बीजेपी?
बीजेपी का मानना है कि प्रदेश में पार्टी के लिए चुनावी माहौल अनुकूल है, लेकिन इस माहौल को जीत में बदलने के लिए नई रणनीति की जरूरत होगी। पार्टी चाहती है कि पिछले एक दशक में सुरक्षा, विकास और सुशासन के नाम पर किए गए कामों को जनता के बीच प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।
कुल मिलाकर मथुरा का चिंतन शिविर इस बात का संकेत दे रहा है कि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में कई मुद्दों को एक साथ लेकर चलना चाहती है। एक तरफ अयोध्या के बाद मथुरा का मुद्दा राजनीतिक चर्चा में है, तो दूसरी तरफ विकास और सुशासन के जरिए सरकार अपने कामकाज को जनता के सामने रखने की तैयारी में है। अब देखना होगा कि बीजेपी की यह नई रणनीति अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले के सामने कितनी असरदार साबित होती है।









