पाकिस्तान के 28 हैंडलर्स पर राजस्थान पुलिस का शिकंजा, सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा जाएगा पूरा रिकॉर्ड

भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार, नशीले पदार्थ और विस्फोटक भेजने के मामलों को लेकर राजस्थान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे 28 पाकिस्तानी हैंडलर्स की पहचान कर उन्हें अलग-अलग मामलों में नामजद किया है। अब इन सभी का विस्तृत रिकॉर्ड केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा। जांच का फोकस केवल सीमा पार से होने वाली ड्रोन ड्रॉपिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि उन स्थानीय लोगों और नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है, जो देश के भीतर तस्करी की गतिविधियों में मदद कर रहे हैं।

तस्करी में मदद करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

राजस्थान पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को कमजोर करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। ड्रोन के जरिए खेप गिराने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले खेतों और जमीनों की पहचान की जा रही है। पुलिस की नजर उन लोगों पर भी है, जो सीमा से सटे गांवों में रहकर तस्करी करने वालों की मदद करते हैं।

ऐसे लोगों की भूमिका सामने आने पर उनकी संपत्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य सीमा पार बैठे हैंडलर्स के साथ-साथ देश के अंदर सक्रिय उनके मददगारों पर भी शिकंजा कसना है।

अलग-अलग थानों के मामलों में 28 पाकिस्तानी हैंडलर्स नामजद

पुलिस ने सीमा से सटे अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों के आधार पर 28 पाकिस्तानी हैंडलर्स को नामजद किया है। इनकी थाना वार सूची इस प्रकार है:

  • खाजूवाला: चिता, बिल्ला जट्टा और अली।
  • रावला: शाह चाचा (लाहौर), उमर चाचा, गंजा, अहमदीन चाया, अली मरूफ उर्फ डोगर उर्फ लंबरदार और बक्सी।
  • समेजा कोठी: खानजी, वीरजी, हसन, अली और अहमद उर्फ चाचा।
  • श्रीकरणपुर: वीरजी।
  • जैतसर: याकूब, चाचा, वीरू और शिंदा।
  • रामसिंहपुर: अली, जग्गा, शाहजी, हार्टबेल, चीस यूकेस, जसकरन वाहला और पवन भाही।
  • हनुमानगढ़ जंक्शन: अली जट।
  • गोलूवाला: याकूब।

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर धमाके के बाद बढ़ी चिंता

इस कार्रवाई के बीच श्रीगंगानगर में भारत-पाक सीमा के नजदीक अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट का मामला भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इस धमाके में सीमेंट के दो पिलरों को नुकसान पहुंचा था। विस्फोट के बाद रेलवे ट्रैक पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया था और धमाके की आवाज लगभग 200 मीटर दूर तक सुनाई दी थी।

शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका जताई गई। जांच एजेंसियां इस मामले के संभावित संबंध आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से भी जोड़कर देख रही हैं।

राहत की बात यह रही कि धमाके के समय उस ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। हालांकि, रेलवे ट्रैक पर हुए इस विस्फोट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कई सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं जांच

रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके और सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क की जांच में कई एजेंसियां जुटी हुई हैं। राजस्थान ATS, इंटेलिजेंस टीम, NIA, IB और मिलिट्री इंटेलिजेंस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

अब राजस्थान पुलिस द्वारा नामजद किए गए 28 पाकिस्तानी हैंडलर्स का रिकॉर्ड भी केंद्रीय एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा। इससे सीमा पार बैठे नेटवर्क और भारत में मौजूद उनके संभावित संपर्कों की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

Back to top button