
झुंझुनूं : राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क पर काम करते समय रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि तीन से चार मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि होना बाकी है।
11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आई मशीन
जानकारी के मुताबिक, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गई। मशीन में करंट फैलने से वहां काम कर रहे मजदूर भी इसकी चपेट में आ गए।
पांच मजदूरों की मौत, कई घायल
शुरुआती सूचना के अनुसार, हादसे में पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन से चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन की ओर से आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि का इंतजार है।

मौके पर पहुंचे ग्रामीण, अधिकारी रवाना
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। झुंझुनूं के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके के लिए रवाना हुए हैं। प्रशासन की टीम हादसे की स्थिति का जायजा लेने के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
सीएम भजनलाल और अशोक गहलोत ने जताया दुख
हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने और पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, अशोक गहलोत ने हादसे की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। दोनों नेताओं ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना जताते हुए उनके परिवारों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की प्रार्थना की।






