KGMU धर्मांतरण केस में बड़ा खुलासा: महिला डॉक्टर ने सुनाई 13 साल की प्रताड़ना की पूरी कहानी

लखनऊ : लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से जुड़े धर्मांतरण मामले की जांच में कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले में पीड़ित महिला डॉक्टर ने एसटीएफ को दिए बयान में जेल में बंद आरोपी डॉक्टर रमीज पर लंबे समय तक शोषण, मारपीट और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर करीब 13 साल तक प्रताड़ित किया।

व्हाट्सऐप पर दी शुभकामनाएं, फिर शुरू हुई दोस्ती

पीड़िता ने एसटीएफ को बताया कि उसकी पहली बातचीत रमीज से साल 2012 में हुई थी। उस समय वह आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) में पढ़ाई कर रही थी। दिवाली के मौके पर रमीज ने उसे व्हाट्सऐप पर शुभकामनाएं भेजी थीं। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ गई।

महिला डॉक्टर के अनुसार, दोनों कॉलेज के एक कार्यक्रम में एक ही डांस ग्रुप का हिस्सा भी थे। इसी दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ीं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि रमीज ने उसे आगरा में अपने कमरे पर बुलाया और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने इस घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा।

नॉनवेज बनाने से मना किया तो मारपीट का आरोप

पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह शुरू से शाकाहारी थी और रमीज को इसकी जानकारी थी। आरोप है कि एक बार पीलीभीत में रमीज और उसके माता-पिता ने उससे मटन बनाने को कहा। उसने मना कर दिया तो रमीज नाराज हो गया और उसके साथ मारपीट की। महिला डॉक्टर का आरोप है कि उसे लात-घूंसों से पीटा गया और फर्श पर घसीटने के बाद दीवार पर सिर मार दिया गया।

शादी की बात चली तो लड़के वालों को भेजा वीडियो

महिला डॉक्टर के मुताबिक, रमीज की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने घर आगरा चली गई थी। इस दौरान उसके परिवार ने शादी के लिए एक लड़का तलाश किया। आरोप है कि रमीज ने लड़के वालों का नंबर हासिल कर उन्हें आपत्तिजनक वीडियो भेज दिया, जिससे शादी की बात टूट गई।

पीड़िता का दावा है कि जब उसके माता-पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें भी वीडियो भेजकर धमकाया। इसके बाद दबाव बनाकर उसे दोबारा लखनऊ बुलाया गया।

परिवार पर धर्मांतरण और निकाह का दबाव बनाने का आरोप

पीड़िता ने एसटीएफ को बताया कि सितंबर 2025 में रमीज उसे अपने पैतृक घर पीलीभीत ले गया। वहां आरोपी और उसके माता-पिता ने कथित तौर पर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। आरोप है कि रमीज ने उसके माता-पिता को भी फोन करके पीलीभीत बुलाया। जब उन्होंने आने से मना किया तो उसने बेटी के आत्महत्या करने की बात कहकर उन्हें डराया।

महिला डॉक्टर के अनुसार, माता-पिता के पहुंचने के अगले दिन उन्हें घर बुलाया गया। इसके बाद कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके माता-पिता के सामने ही उसके साथ मारपीट की गई।

Back to top button