
चंडीगढ़। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल (SAD) को भारतीय किसान यूनियन (कादियां) का समर्थन मिला है। यूनियन के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कादियां ने अपनी पूरी लीडरशिप, जिला अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों के साथ चुनाव में अकाली दल की मदद करने का फैसला किया है। SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस फैसले का स्वागत किया है।
सुखबीर बादल ने इसे अकाली दल और पंजाब के किसानों के लिए खुशी का दिन बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कादियां और उनकी पूरी टीम ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का साथ देने का फैसला किया है।
खेती को लाभकारी बनाना हमारा लक्ष्य: सुखबीर बादल
सुखबीर बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल एक क्षेत्रीय पार्टी है और उसका किसानों तथा खेती-किसानी से पुराना संबंध रहा है। पार्टी हमेशा किसानों के हितों के लिए संघर्ष करती आई है। उन्होंने बताया कि किसान यूनियन के नेताओं के साथ लंबी बातचीत हुई है। इस दौरान भरोसा दिया गया है कि सरकार बनने पर किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अकाली दल का लक्ष्य खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाना है। अगर किसान मजबूत होगा तो पंजाब भी तरक्की करेगा, क्योंकि राज्य की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा खेती-किसानी पर निर्भर है।

हरमीत सिंह कादियां के परिवार का भी किया जिक्र
सुखबीर बादल ने हरमीत सिंह कादियां के परिवार के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके दादा प्रताप सिंह कादियां ने 1971 में भारतीय किसान यूनियन (कादियां) की स्थापना की थी। वह 1968 में लुधियाना जिले से विधायक भी रहे थे। सुखबीर बादल ने कहा कि यह परिवार लंबे समय से किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ा रहा है। ऐसे में यूनियन का समर्थन मिलना अकाली दल के लिए बड़ी बात है।
कांग्रेस और AAP पर भी साधा निशाना
सुखबीर बादल ने पंजाब के अन्य किसान संगठनों से भी अकाली दल का साथ देने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में दोनों दलों की सरकारें देख ली गई हैं, लेकिन किसानों के लिए कुछ खास नहीं किया गया।
उन्होंने दावा किया कि किसानों के हित में कई बड़े फैसले पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल में लिए गए थे। इनमें खेतों में पक्के खालों का निर्माण, भूमिगत पाइपलाइन व्यवस्था, ट्यूबवेल कनेक्शन, मुफ्त बिजली और ट्रैक्टर पर टैक्स में छूट जैसे कदम शामिल हैं।
इसके अलावा मंडियों के निर्माण और गांवों को जोड़ने वाली लिंक सड़कों के विकास का श्रेय भी उन्होंने अकाली दल की सरकार को दिया।
किसानों के मुद्दों पर मिलकर फैसले लेने का भरोसा
सुखबीर सिंह बादल ने भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के नेताओं और पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके भरोसे को बनाए रखेगी। किसानों से जुड़े सभी मुद्दों पर बैठकर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर पंजाब में अकाली दल की सरकार बनती है तो किसान संगठनों के साथ मिलकर फैसले लिए जाएंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की जाएगी।









