
गोरखपुर : कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ओर से संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे सवालों के विरोध में भाजपा उत्तर प्रदेश में तीन दिवसीय शांति पदयात्रा निकालेगी। पार्टी ने इस अभियान को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नाम दिया है। इसकी शुरुआत के तहत 4 नवंबर को गोरखपुर में पदयात्रा आयोजित होगी। इसका नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसमें शामिल होंगे। भाजपा ने गोरखपुर क्षेत्र से करीब 40 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
रविवार को एनेक्सी भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा के जरिए जनता के बीच जाकर इन मुद्दों पर अपनी बात रखेगी। उनके मुताबिक, लोकतंत्र का मतलब केवल चुनाव जीतना नहीं है, बल्कि संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना भी जरूरी है।
कांग्रेस की रैली पर पंकज चौधरी ने उठाए सवाल
पंकज चौधरी ने कांग्रेस की रैली पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इसमें 10 लाख लोगों के शामिल होने की बात कही गई थी, जबकि उनके आकलन के मुताबिक 25 से 30 हजार लोग ही पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कुछ लोगों को दिल्ली में जुटाकर पूरे देश का समर्थन मिलने का संदेश देने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की पदयात्रा के माध्यम से लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि देश के नागरिक संविधान और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं।

गोरखपुर क्षेत्र के 12 जिलों में तैयारियां
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों के पार्टी पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से हर मंडल, बूथ और घर तक पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री और यात्रा प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि पदयात्रा के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब जनता तक पहुंचाया जाएगा।
2027 में फिर सरकार बनाने का पंकज चौधरी ने किया दावा
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश में भाजपा की राजनीतिक जमीन नहीं होने वाले बयान पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसकी राजनीतिक जमीन मजबूत है, इसका फैसला जनता करेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल का जिक्र किया। पंकज चौधरी ने कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए कामों का हवाला देते हुए दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर सरकार बनाएगी और लगातार तीसरी बार सत्ता में आएगी।









