
देहरादून : दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद को लेकर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एक बार फिर चर्चा में हैं। एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि अगर पार्टी आलाकमान कहेगा तो उन्हें माफी मांगनी पड़ेगी। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है।
दलेर मेहंदी को लेकर पहले भी दिया था बयान
इससे पहले सुबोध उनियाल का एक बयान वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें लगा कि पंजाबी गायक दलेर मेहंदी नशे में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उन्हें नहीं पता कि गायक किस चीज के नशे में थे। मंत्री के मुताबिक, वह इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण नहीं करा सकते थे।
उनियाल ने कहा था कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी। अगर उनकी तबीयत ठीक नहीं थी तो उन्हें कार्यक्रम के आयोजकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए था।

मंत्री ने दावा किया था कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए 35 लाख रुपये लिए गए थे और होटल में ठहरने की अलग से व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद संगीत या कलाकारों का अपमान करना नहीं था, लेकिन जब गायक करीब 45 मिनट तक ठीक से प्रस्तुति नहीं दे पाए तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने उन्हें टोका। उन्होंने यह भी कहा था कि कलाकारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन उन्हें अपने सम्मान का भी ध्यान रखना चाहिए।
क्या है दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल के बीच विवाद?
दरअसल, 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्हें टोक दिया।
मंत्री ने कहा था कि कलाकार को इसलिए बुलाया गया है ताकि मेले में आए लोगों का मनोरंजन हो सके। उन्होंने दलेर मेहंदी से ठीक से प्रस्तुति देने की बात कही थी।
इस पर दलेर मेहंदी ने जवाब देते हुए कहा था कि उन्हें सम्मान के साथ कार्यक्रम में बुलाया गया है और मंत्री से अनुरोध किया कि वे पंडाल में बैठ जाएं, क्योंकि वह अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं। इस घटना के बाद दोनों के बीच हुई बातचीत चर्चा में आ गई थी।









