
लखनऊ : लखनऊ के फैजुल्लागंज स्थित रहीमनगर डूडौली में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां बड़ा खदान के पास 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से छह साल का मासूम रुद्र गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों को ऑपरेशन के दौरान उसके दोनों हाथ काटने पड़े। इस घटना से परिवार सदमे में है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
परिजनों के मुताबिक, पिछले सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे रुद्र हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। गंभीर हालत में उसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने शुक्रवार को उसका ऑपरेशन किया। गंभीर चोटों और संक्रमण के चलते बच्चे के दोनों हाथ काटने पड़े।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हटाई गई हाईटेंशन लाइन
रुद्र के दादा ईश्वर चंद्र राय ने बताया कि इलाके से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए परिवार और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से कई बार शिकायत की थी। इस संबंध में लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन की वजह से इलाके में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद बिजली विभाग ने समस्या का समाधान करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
परिवार ने प्रशासन से मांगी आर्थिक मदद
इस हादसे के बाद परिवार के सामने बच्चे के इलाज और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। परिजनों का कहना है कि इस घटना ने रुद्र की जिंदगी बदल दी है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने और इलाके से हाईटेंशन लाइन हटाने या उसकी समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।






