
Lucknow News: लखनऊ के ऐशबाग इलाके में बुधवार शाम अचानक लगी आग ने कई परिवारों को बेघर कर दिया। बाजारखाला के तिलकनगर में मलका कर्बला के पीछे खाली पड़ी जमीन पर बनी झोपड़ियों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते लपटों ने आसपास की झोपड़ियों को भी घेर लिया। इस हादसे में करीब 18 झोपड़ियां पूरी तरह जल गईं। आग से उठने वाला धुआं इतना घना था कि करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
एक झोपड़ी से शुरू हुई आग ने कई परिवारों को किया बेघर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग की शुरुआत अब्बास अली की झोपड़ी की दीवार के पास से हुई थी। शुरुआत में लोगों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग ने शहजहां अली, आमिर हुसैन, अल्ताफ, ताज हुसैन, मैनुल, जैरूल, अजहर, समीर हुसैन, चनवर अली, सुमेद अली, शरबत अली, रूखसाना बानो, मोहम्मद अमान, समद अली, इमरान, असलम और तर्रार हुसैन की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके साथ ही सलमान, सादिक अली और जमाल का कबाड़ भी जलकर राख हो गया।
पढ़ाई का सहारा लैपटॉप भी जला, रोशनी के सामने खड़ी हुई परेशानी
आग में सिर्फ घर और गृहस्थी ही नहीं जली, बल्कि बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ा है। तर्रार हुसैन की बेटी रोशनी का लैपटॉप भी आग की भेंट चढ़ गया। अपना लैपटॉप और घर का जरूरी सामान जलता देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगी। रोशनी बार-बार यही कह रही थी कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। उसने बताया कि घर का सारा सामान जल गया है और अब उसके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह अपनी पढ़ाई कैसे करेगी। स्थानीय पार्षद राजीव बाजपेयी ने रोशनी समेत दूसरे बच्चों की मदद करने की बात कही है।
विधायक रविदास मेहरोत्रा पहुंचे मौके पर, राहत देने की मांग
हादसे के बाद मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अधिकारियों को फोन करके तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। विधायक ने पीड़ितों के लिए बिजली, खाने-पीने के सामान और टेंट की व्यवस्था कराने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि आग में अपना सबकुछ गंवाने वाले प्रत्येक परिवार को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
कूड़ा बीनकर चलाते हैं परिवार, अब दोबारा घर बसाने की चुनौती
तिलकनगर में जिस खाली जमीन पर ये झोपड़ियां बनी हैं, उसे लेकर उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन है। यहां रहने वाले ज्यादातर परिवार गरीब और मजदूर वर्ग से हैं। कई लोग कूड़ा बीनकर अपना गुजारा करते हैं, जबकि कुछ नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी में काम करते हैं। इनमें अधिकतर परिवार असम से आकर यहां बसे हैं। आग के बाद इन परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।









