यूपी में सपा सरकार बनते ही केंद्र की भाजपा सरकार गिर जाएगी: अखिलेश यादव

राहुल गांधी के बयान के बाद बोले सपा प्रमुख, भाजपा पर फेक एनकाउंटर, पीडीए समाज पर अत्याचार और बिजली संकट बढ़ाने के लगाए आरोप

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा सरकार बनने पर केंद्र की भाजपा सरकार गिर जाएगी। उन्होंने फेक एनकाउंटर, PDA समाज पर अत्याचार, बिजली संकट और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

लखनऊ। अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही केंद्र की भाजपा सरकार भी गिर जाएगी। सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने यह बयान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस दावे के बाद दिया, जिसमें राहुल गांधी ने एक साल के भीतर केंद्र सरकार गिरने की बात कही थी।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का असर सीधे केंद्र की राजनीति पर भी पड़ेगा।

भाजपा सरकार पर लगाए फेक एनकाउंटर के आरोप

सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में फेक एनकाउंटर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी धाक जमाने और डर का माहौल बनाने के लिए एनकाउंटर करवा रही है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं और सबसे ज्यादा कार्रवाई पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों पर हो रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के 10 वर्षों में पीडीए वर्ग पर सबसे अधिक अत्याचार हुए हैं।

हाथरस कांड का किया जिक्र

सपा अध्यक्ष ने वर्ष 2020 केहाथरस मामला का जिक्र करते हुए कहा कि जो तस्वीर उस समय देखने को मिली थी, वैसी ही स्थिति अब 2026 में भी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग हो रहा है।

बिजली संकट पर भाजपा सरकार को घेरा

प्रदेश में बिजली संकट और कटौती को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है, लेकिन सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में बिजली क्षेत्र में कोई बड़ा काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जो बिजली मिल रही है, वह समाजवादी पार्टी की सरकार में लगाए गए बिजलीघरों की वजह से मिल रही है। भाजपा ने सिर्फ बिजली के बिल बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला है।

केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी साधा निशाना

नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि हर दिन पेट्रोल और जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं। यही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गई है।

उन्होंने कहा कि देश महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की समस्या से जूझ रहा है। भाजपा सरकार फेक एनकाउंटर की तरह फेक अर्थव्यवस्था का भी प्रचार कर रही है, जिसका सीधा असर आम जनता की जिंदगी पर पड़ रहा है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button