
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और व्यापारिक माहौल में बदलाव का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के बाजार देर रात तक जगमगाते हैं। यह रोशनी सिर्फ कारोबार की नहीं, बल्कि व्यापारियों के बढ़ते विश्वास की पहचान भी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के माहौल के कारण सूर्यास्त होते ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उनके परिवारों में चिंता बनी रहती थी।
महिलाओं का आत्मविश्वास समाज की प्रगति का प्रतीक
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी अपने कार्यस्थलों पर निर्भय होकर जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उनका बढ़ता आत्मविश्वास केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति को दर्शाता है।

जीरो टॉलरेंस नीति से बदला माहौल
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की स्थिति बदलने का काम किया है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने कहा कि अब बाजार रात में भी खुले रहते हैं। इससे व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के नए अवसर मिल रहे हैं और महिलाएं भी सुरक्षित माहौल में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं।
महिला श्रम बल भागीदारी 13 से बढ़कर 36 प्रतिशत हुई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश की महिला श्रम बल भागीदारी करीब 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का संकेत बताया।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और रात में गुलजार रहने वाले बाजार नए उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर को दर्शाते हैं।







