
भोपाल : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने भोपाल स्थित एम्स में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर से परिवार और करीबियों में शोक की लहर है।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, काशीबाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित उनके आवास 9-बी पर रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर ले जाया जाएगा। यहां दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शिवराज सिंह चौहान के पिता ने किया था दूसरा विवाह
जानकारी के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान की जैविक मां का नाम सुंदरबाई चौहान था। शिवराज के बचपन में ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने दूसरा विवाह किया था। काशीबाई उनकी दूसरी मां थीं।
बताया जाता है कि काशीबाई से एक बेटे वरुण का जन्म हुआ था। वहीं, सुंदरबाई से शिवराज सिंह चौहान के अलावा नरेंद्र सिंह, रोहित सिंह और बेटी शशि हैं।






