गुजरात दौरे पर पीएम मोदी: बनास डेयरी में किया रोड शो, 14 हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

अहमदाबाद : गुजरात के बनासकांठा में डेयरी क्षेत्र को नई दिशा मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के पहले दिन शुक्रवार को 127 एकड़ में बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इस केंद्र के जरिए पशुओं की नस्ल सुधारने, दूध उत्पादन बढ़ाने और स्वदेशी नस्लों को संरक्षित करने पर जोर दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस संस्थान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि यह केंद्र विज्ञान और आधुनिक तकनीक के जरिए किसानों की तरक्की का उदाहरण बनेगा। इससे डेयरी किसानों को कई बड़े फायदे मिलेंगे। साथ ही कांकरेज जैसी देशी नस्लों के संरक्षण और विकास में भी मदद मिलेगी।

दो दिन के गुजरात दौरे पर पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ नई योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत 19 हजार करोड़ रुपये जारी करेंगे और दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।

बनासकांठा में रोड शो, लोगों ने किया स्वागत

गुजरात पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा में बनास डेयरी परिसर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री हर्ष सांघवी के साथ उन्होंने रोड शो किया। प्रधानमंत्री को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।

पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा

बनासकांठा में प्रधानमंत्री भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) से जुड़ी प्रयोगशाला का दौरा करेंगे। इसके साथ ही भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर भी जाएंगे। यह संस्थान पशुओं की बेहतर नस्ल तैयार करने और दूध उत्पादन बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को देंगे श्रद्धांजलि

31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर प्रधानमंत्री एकता नगर पहुंचेंगे। यहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान नर्मदा आरती में हिस्सा लेने के साथ 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

अहमदाबाद मेट्रो का होगा विस्तार

गुजरात दौरे में प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी की आधारशिला रखेंगे। फेज-2ए में कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक छह किलोमीटर से अधिक लंबा मेट्रो मार्ग बनाया जाएगा, जिसमें पांच स्टेशन होंगे। वहीं, फेज-2बी में गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर से अधिक का मेट्रो मार्ग तैयार होगा। इससे शहर में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होगी।

अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे आठ लेन का बनेगा

प्रधानमंत्री करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा स्टेट हाईवे-41 को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन करने की परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इससे अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच सफर आसान होगा। साथ ही ट्रैफिक का दबाव कम होने और सड़क सुरक्षा बेहतर होने की उम्मीद है।

4,030 नए आंगनवाड़ी केंद्रों की रखेंगे आधारशिला

महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए प्रधानमंत्री गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा तैयार हो चुके 361 केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। करीब 800 करोड़ रुपये की इस योजना से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इन केंद्रों में बच्चों को बेहतर पोषण, शुरुआती शिक्षा और देखभाल की सुविधा मिलेगी।

किसानों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रधानमंत्री कृषि बुनियादी ढांचा कोष के तहत पूरी हो चुकी 521 परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे। इन पर करीब 4,950 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें कोल्ड स्टोरेज, गोदाम, साइलो, कोल्ड चेन, पॉलीहाउस और ग्रीनहाउस जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे किसानों को फसल सुरक्षित रखने, उसकी बर्बादी कम करने और बेहतर कीमत मिलने में मदद मिलेगी।

भारत पर्व में दिखेगी देश की सांस्कृतिक विविधता

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री एकता नगर में भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, लोककला, खानपान और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिलेगी। यह महोत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।

प्रधानमंत्री इस दौरान रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे। उनका यह गुजरात दौरा डेयरी, कृषि, सड़क, मेट्रो और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Back to top button