दिल्ली से कश्मीर तक ड्रग्स सप्लाई का खुलासा, 4 गिरफ्तार

दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तक फैले नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। जम्मू और दिल्ली की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर इस नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान श्रीनगर जा रही एक यात्री बस से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप भी बरामद किया गया।

बस की तलाशी से खुला नेटवर्क

इस मामले की शुरुआत 16 नवंबर को हुई, जब NCB की जम्मू यूनिट ने उधमपुर के चेन्नानी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका। तलाशी के दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप मिला। इसके बाद जांच आगे बढ़ाई गई और कश्मीर घाटी में कार्रवाई करते हुए अनंतनाग निवासी एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसे इस खेप का मुख्य रिसीवर बताया जा रहा है।

दिल्ली में मिला नशीली दवाओं का गोदाम

जांच की कड़ियां दिल्ली से जुड़ने के बाद अधिकारियों को शाहदरा इलाके में किराए के मकान से चल रहे अवैध गोदाम की जानकारी मिली। 18 और 19 नवंबर को यहां छापेमारी की गई। इस दौरान 5 लाख से अधिक नशीली दवाओं की टैबलेट, कैप्सूल और सिरप की बोतलें बरामद की गईं। जब्त दवाओं में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं।

356 बोतल कफ सिरप भी बरामद

इससे पहले 18 नवंबर को दिल्ली में नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के दौरान 356 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप भी बरामद किया गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फार्मास्युटिकल दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

बड़े सप्लायरों की तलाश जारी

फिलहाल NCB इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों, दवाओं के मूल स्रोत और वितरण व्यवस्था की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वैध दवा सप्लाई चेन से कोडीन युक्त कफ सिरप को अवैध कारोबार में कैसे पहुंचाया जा रहा था। एजेंसी आरोपियों के वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है।

Back to top button