यूपी चुनाव से पहले BJP की तैयारी, विधायकों को 50 चौपाल का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत विधायकों को 5 दिसंबर तक 50 चौपाल और सांसदों को 10 चौपाल आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति कमजोर है, वहां MLC और राज्यसभा सांसदों को जिम्मेदारी दी जाएगी।

विधायकों और सांसदों को मिला चौपाल का टारगेट

पार्टी की वर्चुअल बैठक में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने जनप्रतिनिधियों को यह जिम्मेदारी सौंपी। तय योजना के मुताबिक, प्रत्येक विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में 5 दिसंबर तक 50 चौपाल लगानी होंगी। वहीं, सांसदों को अपने लोकसभा क्षेत्र में 10 चौपाल आयोजित करनी होंगी।

जिन सीटों पर बीजेपी के विधायक नहीं हैं या जहां संगठन की स्थिति कमजोर मानी जा रही है, वहां विधान परिषद सदस्यों को मोर्चा संभालने के निर्देश दिए गए हैं। राज्यसभा सांसदों को भी ऐसी विधानसभा सीटों पर जाकर लोगों से संवाद करने की जिम्मेदारी दी गई है।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर भी जोर

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की भी समीक्षा की गई। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेताओं को उन 87 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है, जिन्हें इस प्रक्रिया के दौरान अनुपस्थित चिह्नित किया गया है।

बताया गया कि इनमें कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म तो लिए, लेकिन उन्हें भरकर जमा नहीं किया। कुछ मामलों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। ऐसे लोगों से संपर्क कर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।

सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी

बैठक में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को सक्रिय करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए 1,73,730 बूथ अध्यक्षों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। शक्ति केंद्र प्रभारियों को भी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने और सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों को चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को भी मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने के अभियान से जोड़ने को कहा गया है। इस काम की निगरानी करने और जनप्रतिनिधियों के योगदान का आकलन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गुटबाजी खत्म कर मिलकर काम करने का निर्देश

बैठक में पार्टी के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया गया। सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी मतभेद और गुटबाजी से दूर रहकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने को कहा गया।

बैठक में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के सांसद और विधायक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। पार्टी की ओर से तय चौपाल अभियान 5 दिसंबर तक चलाया जाएगा।

Back to top button