
ब्रिटेन जाने से रोके जाने के मामले में CJP के सह-संयोजक सौरव दास की याचिका पर गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। इसी आदेश के आधार पर उन्हें विदेश जाने से रोका गया था।
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में होना था शामिल
सौरव दास को 24 नवंबर को ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना था। यहां उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ विषय पर अपनी बात रखनी थी। हालांकि, 23 नवंबर की रात लंदन जाने वाली फ्लाइट पकड़ने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।
इसके बाद सौरव दास ने केंद्र सरकार के इस फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी। उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई अब 9 दिसंबर को होगी।
LOC की कॉपी देने से केंद्र का इनकार
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील ने बताया कि LOC जारी किए जाने के संबंध में सौरव दास को कारण बताओ नोटिस भी भेजा गया था, लेकिन उन्होंने अब तक इसका जवाब नहीं दिया है।
वहीं, सौरव दास की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने अदालत में दलील दी कि उनके मुवक्किल को न तो LOC जारी होने की जानकारी दी गई और न ही इसके पीछे का कारण बताया गया।
इस पर केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कहा कि LOC की प्रति याचिकाकर्ता को उपलब्ध नहीं कराई जा सकती।
पासपोर्ट को लेकर भी बढ़ी मुश्किलें
सौरव दास का पासपोर्ट भी अलग मामले में जांच के दायरे में है। पासपोर्ट आवेदन में जन्मस्थान से संबंधित जानकारी में कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
विदेश मंत्रालय ने उन्हें सात दिनों के भीतर अपना जवाब देने को कहा है। साथ ही, जब तक वह अपना स्पष्टीकरण जमा नहीं करते, तब तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश भी दिया गया है।







