सपा का चुनावी वादा: बेरोजगारों को ₹5,000, बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन

समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वादा किया है कि प्रदेश में सरकार बनने पर बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा छह साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की बात कही गई है।

युवाओं और रोजगार को लेकर बड़े वादे

समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में रोजगार को प्रमुख मुद्दा बनाया है। पार्टी की ओर से किए गए प्रमुख वादे इस प्रकार हैं:

  • बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये की आर्थिक मदद।
  • छह साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी।
  • अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर।
  • प्रदेश में जातीय जनगणना कराने का वादा।
  • समाजवादी कैंटीन शुरू कर 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की योजना।
  • बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन।

दलितों और पीडीए के लिए सरकारी ठेकों में आरक्षण

घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने दलितों और पीडीए वर्ग को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने वादा किया कि 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए के लिए 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ होने वाले हेट क्राइम पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

भूमाफियाओं पर कार्रवाई के लिए बनेगी विशेष STF

सपा ने आम लोगों की जमीन को कब्जे से बचाने के लिए भी बड़ा वादा किया है। घोषणापत्र के मुताबिक, किसी माफिया या प्रभावशाली व्यक्ति को आम नागरिक की जमीन पर अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए विशेष STF गठित करने की बात कही गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में गुंडों और माफियाओं को पनपने नहीं दिया जाएगा और आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा की जाएगी।

महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र लाएगी सपा

अखिलेश यादव ने बताया कि पार्टी की ओर से अभी दो और घोषणापत्र जारी किए जाएंगे। इनमें महिलाओं यानी आधी आबादी के लिए अलग से घोषणापत्र शामिल होगा।

उन्होंने संविधान को लेकर भी अपनी बात रखी। अखिलेश ने कहा कि संविधान बदलने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। देश संविधान के अनुसार चलेगा, मनमर्जी के हिसाब से नहीं।

Back to top button