
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इन विधेयकों का समर्थन करते हुए कहा कि इनके लागू होने के बाद संसद में महिला सांसदों की संख्या बढ़कर 271 हो सकती है। नायडू ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस मुद्दे पर आपसी सहमति बनाएं और महिलाओं को उनका अधिकार देने की दिशा में आगे बढ़ें।
महिलाओं से की खास अपील
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि महिला आरक्षण का इंतजार करते हुए उन्हें करीब तीन दशक बीत चुके हैं। अब इसे लागू करने का सही समय आ गया है। उन्होंने महिलाओं से भी अपील की कि वे इस मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करें, क्योंकि परिवार और समाज में उनकी हिस्सेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। नायडू के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों में इस पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकती है।
दक्षिण भारत के हितों का भी रखा ध्यान
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों में उठ रही चिंताओं पर नायडू ने कहा कि इन राज्यों के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रस्ताव में दक्षिण भारत के हितों का ध्यान रखा गया है। दक्षिण भारत के पांच राज्यों की लोकसभा सीटें मौजूदा 129 से बढ़कर 195 होने का प्रस्ताव है।
कांग्रेस से भी समर्थन की अपील
नायडू ने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दक्षिण भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं और कांग्रेस की तीन राज्यों में सरकार है। ऐसे में यह सभी दलों के लिए साथ आने का अच्छा अवसर है। उन्होंने राजनीतिक दलों से आपसी मतभेद भुलाकर आम सहमति बनाने की बात कही।
विधेयक रोकने पर दी चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक देश के हित में हैं। अगर राजनीतिक दलों ने इन्हें आगे बढ़ने से रोका तो महिलाएं अब और इंतजार करने के लिए तैयार नहीं होंगी। वे देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में बराबर की भागीदारी चाहती हैं। नायडू ने नेताओं से अपील की कि वे पुरानी गलतियों को दोहराने से बचें।
कुमारस्वामी ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
वहीं, एचडी कुमारस्वामी ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत को नुकसान पहुंचने की आशंकाओं के बीच सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव ने कई सवालों और संदेहों को दूर किया है।








