अफीम तस्करों के खिलाफ तेज हुई कार्यवाही, तीन किलो अफीम के साथ दो गिरफ्तार

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क शाहजहांपुर: अफीम तस्करों के खिलाफ शाहजहांपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की कार्रवाई अब और तेज हो गई है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन अफीम की बड़ी खेप पकड़ी जा रही है। सोमवार को रोजा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने मिलकर रोजा थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से तीन किलो अफीम बरामद हुई।

पकड़े गए दोनों तस्कर अफीम की तस्करी बड़े पैमाने पर कर रहे थे और इन पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें मुखबिर की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने पिपरिया नगर से आगे बंबा रहीमपुर जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों को रोका। दोनों तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई।

गिरफ्तार किए गए तस्करों में एक व्यक्ति झारखंड के परामू थाना क्षेत्र के प्रदीप कुमार और दूसरा देवदत्त, जो शाहजहांपुर के रुद्रपुर गांव का निवासी है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों तस्कर झारखंड से अफीम खरीदकर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों में बेचते थे। इन पर तिलहर, कटरा, चौक कोतवाली, रोजा आदि थाना क्षेत्रों में भी अफीम के साथ पकड़े जाने के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों के पास से एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने इस सफलता पर कहा कि तस्करों के खिलाफ हमारी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button