आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बिहार जा रही बस के 17 यात्री घायल हो गए। हादसे की वजह बस चालक को आई झपकी बताई जा रही है।

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार 17 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। फरीदाबाद से बिहार जा रही एक निजी बस के चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खंती में जा गिरी।

इसी दौरान लखनऊ से मथुरा की ओर जा रही अर्टिगा कार बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने बताया कि घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं बस में सवार 17 यात्री भी घायल हुए थे, जिनमें अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दिव्या (6 वर्ष), अमृता (13 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और कार चालक विनोद (45 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक संतकबीरनगर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और एक ही परिवार के सदस्य थे।

घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवर को पर्याप्त आराम न मिलने और नींद आने की स्थिति में वाहन चलाना सड़क हादसों का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। परिवहन विभाग समय-समय पर चालक और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक करता रहा है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button