
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क उन्नाव : जिला कांग्रेस कमेटी उन्नाव में भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू जगजीवन राम की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिवेश में बाबूजी के विचारों को अत्यंत प्रासंगिक बताया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बाबू जगजीवन राम समतामूलक समाज के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का कार्य किया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह ने कहा कि कांग्रेस के तीन प्रमुख सिद्धांत—समाजवाद, राष्ट्रवाद और धर्मनिरपेक्षता—आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राजनीतिक दलों ने इन सिद्धांतों को कांग्रेस से ग्रहण तो किया, लेकिन उन्हें सही रूप में समाज में स्थापित नहीं किया।
पूर्व अध्यक्ष जंग बहादुर सिंह ने कहा कि छद्म विचारधाराओं से देशवासियों को सावधान रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने बाबू जगजीवन राम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही निषाद राज की जयंती भी मनाई गई, जिसमें बाबूराम निषाद ने उनके जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सर्वोदय मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव का माल्यार्पण कर जन्मदिन भी मनाया गया और उनके दीर्घायु की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधि विभाग के चेयरमैन जितेंद्र सिंह जीतू, चिकित्सा विभाग के चेयरमैन डॉ. आर.एन. कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह, जिला महासचिव अनुराग सिंह, युसूफ फारुकी, जिला सचिव बाबूराम निषाद, आशुतोष शर्मा, नसीम खान, तन्मय श्रीवास्तव तथा अचलगंज नगर अध्यक्ष एजाद खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









