
UP News: प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन के साथ ही धार्मिक माहौल बन गया है। मंगलवार से योगीराज देवरहा बाबा मंडपम में उनकी श्रीराम कथा शुरू होनी है। इसी सिलसिले में वह सोमवार शाम बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने उनका स्वागत किया।
खास बात यह रही कि एयरपोर्ट से कथा स्थल तक पहुंचाने के लिए राजा भैया खुद ड्राइवर बन गए। उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अपनी गाड़ी में बैठाया और स्टेयरिंग संभालकर बेंती राजभवन तक पहुंचे। उनके पहुंचते ही समर्थकों और श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। बेंती में बाबा ने हनुमान जी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के बाद आरती की।
कुंडा में सात जगहों से निकली कलश यात्रा, राममय हुआ इलाका
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर कुंडा और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। सोमवार को कुंडा तहसील के सात स्थानों से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इन यात्राओं में महिलाओं समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं सिर पर कलश रखकर धार्मिक यात्रा में चलती नजर आईं।
कलश यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। कथा शुरू होने से पहले ही प्रतापगढ़ का कुंडा क्षेत्र पूरी तरह राममय नजर आने लगा है।
तीन दिनों तक चलेगी कथा, 20 नवंबर को दिव्य दरबार
आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रतापगढ़ में तीन दिनों तक श्रीराम कथा सुनाएंगे। इसके बाद 20 नवंबर को दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। बाबा के कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
राजा भैया बोले- हिंदुओं को राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर सोचना चाहिए
धीरेंद्र शास्त्री के आगमन से पहले राजा भैया का एक बयान भी खूब चर्चा में रहा। बीते शनिवार को उन्होंने हिंदुओं को इस्लाम से एकजुटता सीखने की बात कही थी। उनसे पूछा गया था कि हिंदुओं को एकजुट करने वाली विचारधारा क्या हो सकती है?
इस पर राजा भैया ने कहा कि हिंदुओं को किसी राजनीतिक पार्टी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने के बावजूद इस्लाम को प्राथमिकता देते हैं। इसी तरह हिंदुओं को भी हिंदुत्व के मुद्दे पर पहले अपनी धार्मिक पहचान को प्राथमिकता देनी चाहिए। राजनीतिक दल तो आते-जाते रहते हैं।
रामपुर में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
दूसरी तरफ, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ रामपुर में तीन अधिवक्ताओं ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 26 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में कथा के दौरान भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और करवा चौथ के उपवास को लेकर कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी की थी।
इस मामले में अधिवक्ता राम सिंह लोधी, हर्ष गुप्ता और सुनीता वर्मा ने संयुक्त रूप से परिवाद दायर करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उनका कहना है कि कथित टिप्पणी से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
अदालत ने उनकी अर्जी स्वीकार करते हुए परिवाद दर्ज कर लिया है। अब इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए 30 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है। इस तरह प्रतापगढ़ में बाबा की श्रीराम कथा और दिव्य दरबार के साथ-साथ उनका यह कानूनी मामला भी सुर्खियों में है।









