हिंदी संवर्धन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सी.एम.एस. शिक्षिका को ‘अमृत कुम्भ सम्मान’

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : सिटी मोंटेसरी स्कूल, स्टेशन रोड कैंपस की शिक्षिका डॉ. अंजुमन उपाध्याय को किशोरों और युवा पीढ़ी में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं रुचि विकास हेतु ‘अमृत कुम्भ सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के सहयोग से हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। डॉ. अंजुमन को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने डॉ. अंजुमन को बधाई दी और इसे संस्था के लिए गर्व का विषय बताया। सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन रंधीर खन्ना ने कहा कि डॉ. अंजुमन का हिंदी भाषा के प्रति समर्पण और शिक्षण में नवाचार प्रेरणादायी है। उनका मानना है कि हिंदी भाषा का ज्ञान छात्रों के नैतिक व चारित्रिक विकास के साथ-साथ जीवन में सफलता के लिए भी आवश्यक है।

डॉ. अंजुमन ने शिक्षण कार्य में तकनीकी नवाचारों का प्रभावी उपयोग करते हुए विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि जागृत की है। उन्होंने गूगल क्लासरूम, ई-कंटेंट व प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण विधियों से छात्रों को जोड़ा है। रंधीर खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. शिक्षकों के कार्यों को पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करता है। डॉ. अंजुमन को पूर्व में भी 66 से अधिक मंचों पर सम्मान मिल चुका है। उनका योगदान हिंदी भाषा को विज्ञान, तकनीक और डिजिटल शिक्षण से जोड़ने में उल्लेखनीय रहा है, जिससे छात्रों में भाषा के प्रति जागरूकता और आत्मीयता विकसित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button