“UP Congress Rally Schedule 2026 के तहत कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में फरवरी से अप्रैल तक रैलियों का कार्यक्रम तय किया है। लखनऊ, वाराणसी, आगरा समेत कई जिलों में रैलियां होंगी।“
लखनऊ। सीतापुर के बाद कांग्रेस 31 जनवरी को आगरा में दूसरी रैली करेगी। इसके बाद 1 फरवरी को लखनऊ और 8 फरवरी को वाराणसी में रैली आयोजित की जाएगी।
वाराणसी की रैली के लिए प्रदेश कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से समय मांगा है।
लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के चलते कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सिर्फ 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से पार्टी को 6 सीटों पर जीत मिली। इसके बाद से प्रदेश स्तर पर लगातार यह संदेश हाईकमान तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है कि 2027 विधानसभा चुनाव और उससे पहले होने वाले पंचायत चुनाव कांग्रेस अपने दम पर लड़े।
इसी को लेकर हाल के दिनों में प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से रायशुमारी भी की थी। हालांकि फिलहाल माना जा रहा है कि सपा-कांग्रेस गठबंधन अभी जारी रहेगा, इसी कारण कांग्रेस की रैलियों में सपा नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस ने रैलियों को लेकर सभी जिलों से सुझाव मांगे थे। इन सुझावों के आधार पर फिलहाल 12 रैलियों की तिथि और स्थान तय कर लिए गए हैं, जबकि शेष रैलियों की योजना इसी माह पूरी कर ली जाएगी।
तय रैलियों की सूची:
- 31 जनवरी – आगरा
- 1 फरवरी – लखनऊ
- 8 फरवरी – वाराणसी
- 14 फरवरी – अलीगढ़
- 16 फरवरी – सहारनपुर
- 28 फरवरी – रामपुर
- 12 मार्च – लखीमपुर खीरी
- 22 मार्च – बदायूं
- 29 मार्च – बाराबंकी
- 31 मार्च – मुजफ्फरनगर
- 5 अप्रैल – बागपत
इसके अलावा 18 अन्य रैलियों की तैयारियां भी पार्टी ने शुरू कर दी हैं। 1 फरवरी को लखनऊ में होने वाली रैली के बाद पूरे अभियान की अंतिम महारैली भी लखनऊ में आयोजित करने की रणनीति बनाई जा रही है, जिसमें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व शामिल होगा।







