अवैध संबंधों के चलते महिला ने पति के साथ मिलकर प्रेमी का तकिए से मुंह दबाकर मारा

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ । सरोजनीनगर इलाके में युवक की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। महिला ने पति के साथ प्रेमी का मुंह तकिए से दबाकर उसको मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया तकिया भी बरामद कर लिया है, जिससे युवक का दम घोंटा गया था। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के तपोवन नगर इलाके में रहने वाले अर्पित यादव की मौत 20 मई को संदिग्ध हालात में हुई थी। अर्पित का शव उसके पड़ोसी राजकुमार उर्फ छोटू मौर्या के घर में बेहोशी की हालत में मिला था। परिजनों ने उसे तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस घटना की जानकारी मृतक के भाई मुलायम सिंह यादव ने पुलिस को दी, जिसके बाद सरोजनीनगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि मृतक अर्पित का प्लॉट आरोपी के घर के सामने था, जहां वह गाय पालता था। अर्पित का आरोपी की पत्नी सुमन मौर्या के साथ अवैध संबंध था। इस बात की जानकारी होने पर सुमन के पति राजकुमार उर्फ छोटू मौर्या विरोध करता था और इस कारण उनके बीच अक्सर मारपीट भी होती थी। बदनामी से बचने के लिए राजकुमार और सुमन ने मिलकर अर्पित की हत्या की योजना बनाई। 20 मई को उन्होंने अर्पित को पानी में नींद की गोली मिलाकर पिला दी। जब वह बेहोश हो गया, तब तकिए से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने 25 मई को दोनों आरोपियों को नादरगंज तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। सुमन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तकिया भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button