“कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग की गई जब नेपाल से इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट के इंजन में तकनीकी खराबी और आग की सूचना मिली। सभी 236 यात्री सुरक्षित हैं।“
हाइलाइट्स :
- तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट THY-727 में इंजन खराबी
- नेपाल से इस्तांबुल जा रही उड़ान को कोलकाता मोड़ा गया
- आसमान में एक इंजन ने किया काम करना बंद
- 236 यात्री और 11 क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
कोलकाता। कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग का मामला बुधवार दोपहर सामने आया, जब नेपाल के काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट THY-727 के एक इंजन में तकनीकी खराबी और आग की आशंका पैदा हो गई।
विमान ने दोपहर 1:29 बजे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, काठमांडू से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद पायलटों को संकेत मिला कि विमान के दो इंजनों में से एक ने काम करना बंद कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने तुरंत नेपाल एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी।
आसमान में किया गया होल्ड, फिर लिया गया बड़ा फैसला
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को नेपाल के धाडिंग जिले के धरके क्षेत्र के ऊपर कुछ समय तक होल्ड पर रखा गया, ताकि स्थिति का आकलन किया जा सके। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि एक इंजन के सहारे लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान जारी रखना जोखिम भरा हो सकता है।
हालांकि, विमान के पास काठमांडू या भैरहवा एयरपोर्ट पर लौटने का विकल्प था, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए चालक दल ने भारत के कोलकाता में आपातकालीन लैंडिंग का निर्णय लिया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल और आपातकालीन टीमें पहले से अलर्ट पर थीं। सभी सुरक्षा इंतजामों के बीच विमान ने दोपहर 3:03 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
विमान में सवार 236 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। लैंडिंग के बाद विमान को अलग खड़े स्थान पर ले जाकर उसकी विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।
पायलटों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते लिया गया निर्णय और पायलटों की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। तुर्किश एयरलाइंस और भारतीय विमानन एजेंसियां मामले की संयुक्त जांच कर रही हैं।









