
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क धौरहरा खीरी : तहसील पलिया के ग्राम गजरौला में दबंगों द्वारा एक वृद्ध विधवा महिला को घर से निकालकर उसका सामान जलाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह सड़क किनारे रहने को मजबूर है। ग्राम गजरौला निवासी लगभग 70 वर्षीय विधवा चमेली देवी ने आरोप लगाया है कि 9 मार्च 2026 की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे गांव के ही अखिलेश पुत्र लालता, उसकी पत्नी, भाभी, बहन तथा हरिशंकर पुत्र लाहौरी की पत्नी ने घर में घुसकर उसका सामान बाहर फेंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके सामान में आग लगा दी। पीड़िता के अनुसार वह चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। घटना की सूचना पर उसने तत्काल डायल 112 पर फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि उसे दोबारा घर में नहीं पहुंचाया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई। इसके बाद पीड़िता लगातार पलिया कोतवाली के चक्कर लगाती रही, जहां उसे जांच का आश्वासन दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि उसकी पुत्री ने अपनी जमीन पर चारदीवारी बनवाकर तीन सेट डलवाए थे, जिसमें वह रह रही थी। आरोप है कि दबंग लंबे समय से उस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे और मौका पाकर उसे घर से निकाल दिया बताया गया कि उक्त भूमि को लेकर मामला सिविल न्यायालय पलिया में वाद संख्या 20/2025 तथा उपजिलाधिकारी पलिया के यहां वाद संख्या 40 के रूप में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपियों ने जबरन कब्जा कर लिया और पीड़िता को धमकी भी दी कि शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे एक सप्ताह से सड़क किनारे रहने को मजबूर वृद्ध महिला ने अंततः मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मांग की है कि उसे उसका घर वापस दिलाया जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए घटना को लेकर क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है तथा पुलिस की कार्रवाई न होने पर लोगों में चर्चा बनी हुई है।





