बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया, शराब पिलाई और चाकू से गोदकर की हत्या

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर मोहित नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।

गाजियाबाद। दोस्ती और भरोसे को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के शांतिनगर इलाके में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पहले झगड़ा, फिर समझौता और उसके बाद रची गई साजिश

मृतक के भाई मनीष के अनुसार करीब 15 से 20 दिन पहले मोहित का कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। बाद में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और आपसी रिश्ते सामान्य हो गए थे। हालांकि परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने मन में दुश्मनी बनाए रखी और मोहित को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

खाटू श्याम और हरिद्वार ले जाकर भी की थी हत्या की कोशिश

परिजनों ने दावा किया कि आरोपियों ने इससे पहले भी मोहित की हत्या की साजिश रची थी। उसे घूमने के बहाने खाटू श्याम ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें मौका नहीं मिला। इसके बाद हरिद्वार यात्रा के दौरान भी हत्या का प्रयास किया गया, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपियों ने बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर मोहित को अपने जाल में फंसाया।

शराब पिलाने के बाद सीने में घोंपा चाकू

परिवार के मुताबिक मंगलवार रात आरोपियों ने मोहित को बर्थडे पार्टी में बुलाया और उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद विवाद के दौरान उसके सीने में चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल मोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छह लोगों पर हत्या का आरोप

मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या उसके ही दोस्तों ने की है। उन्होंने देव, न्याय, गौरव और हरि समेत कुल छह लोगों को घटना में शामिल बताया है। परिवार का कहना है कि मोहित को पूरी योजना के तहत धोखे से बुलाया गया और अकेला पाकर उसकी हत्या कर दी गई।

सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सड़क पर उतर आए। लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद था। पार्टी के दौरान शराब के नशे में विवाद बढ़ने के बाद हत्या की घटना हुई। परिवार की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button