माधौगंज में नव नियुक्त एआरपी का भव्य स्वागत, बच्चों को वितरित की गई ग्रीष्मावकाश गृहकार्य पुस्तिका

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  हरदोई : उच्च प्राथमिक विद्यालय सदरियापुर, माधौगंज विकास क्षेत्र में आज नव नियुक्त एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) चन्द्रप्रकाश सिंह (कछौना विकास क्षेत्र) एवं बलजीत सिंह (बिलग्राम विकास क्षेत्र) ने माधौगंज विकास क्षेत्र में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता की पूजा-अर्चना तथा सरस्वती वंदना से हुई। प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री नीरज गुप्ता ने दोनों एआरपी को माल्यार्पण कर स्वागत किया, वहीं सहायक अध्यापिका श्रीमती प्रियंका श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

नवचयनित एआरपी द्वारा कक्षा कार्य, गृहकार्य और उपस्थिति की समीक्षा करते हुए छात्र-छात्राओं—काजल, विज्ञांशी, प्रियांशी, विनय कुमार, सत्यम और मीनाक्षी—को ग्रीष्मावकाश गृहकार्य पुस्तिका प्रदान की गई। इसके उपरांत सभी उपस्थित छात्रों को भी गृहकार्य पुस्तिका वितरित की गई।

प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री गुप्ता ने बच्चों को बताया कि ग्रीष्मावकाश गृहकार्य हिंदी, अंग्रेज़ी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कृषि विज्ञान, गृहशिल्प, कंप्यूटर, पर्यावरण एवं संस्कृत से संबंधित है, जिसे सुंदर लेखन में पूर्ण करना आवश्यक है। सभी गृहकार्य को करने और उसे कंठस्थ करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।

विद्यालय का शैक्षिक एवं भौतिक वातावरण देखकर आगंतुकों ने विद्यालय परिवार की सराहना की। इस दौरान एआरपी चन्द्रप्रकाश सिंह ने शीर्षासन कर बच्चों को योग का महत्व बताया और व्यायाम को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया। कक्षा 7 के छात्र जसमित ने भी शीर्षासन कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।

ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ एवं मीना मंच की गतिविधियों को देखकर एआरपी ने प्रसन्नता व्यक्त की और सुगमकर्ता श्रीमती प्रियंका श्रीवास्तव की कर्मठता की सराहना की। अंत में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापिका द्वारा दोनों एआरपी को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button