“हरदोई के मल्लावां क्षेत्र में शादी के एक माह बाद नवविवाहिता महिमा सिंह की संदिग्ध मौत हो गई। भाई ने ससुराल पक्ष पर पांच लाख रुपये की दहेज मांगने और जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।“
मल्लावां/हरदोई। हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र में शादी के महज एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम करवा निवासी शोभित सिंह पुत्र अमित सिंह ने थाना बघौली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी बहन महिमा सिंह का विवाह 26 अप्रैल 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार बर्रा घूमन थाना बघौली निवासी सत्यम सिंह पुत्र अवध कुमार सिंह के साथ हुआ था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाह में सामर्थ्य के अनुसार लाखों रुपये नकद, दहेज और घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर महिमा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पांच लाख रुपये की मांग का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार सास, ससुर समेत अन्य परिजन अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर महिमा को प्रताड़ित किया जाता था। मृतका ने अपने भाई को व्हाट्सएप के जरिए सास द्वारा प्रताड़ना दिए जाने संबंधी संदेश भी भेजे थे।
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने महिमा से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। बाद में जानकारी मिली कि उसे गंभीर हालत में लखनऊ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पांच लोगों पर हत्या का आरोप
मृतका के भाई ने पति, सास, ससुर, चाचा और ताऊ समेत पांच लोगों पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिमा सिंह की मौत की खबर से करवा गांव समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








