रंगारेड्डी में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 20 की मौत,

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हैदराबाद
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 का अस्पताल में इलाज चल रहा है, 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चेवेला मंडल के खनापुर गेट के पास उस समय हुआ जब टीजीएसआरटीसी की बस और एक टिपर ट्रक आमने-सामने टकरा गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह के समय हुआ जब टिपर गलत दिशा से आ रहा था और बस से जा भिड़ा।
पुलिस के मुताबिक, चेवेला के पास एक टिपर ट्रक, जो ग्रेवल (बजरी) से भरा हुआ था, ने राज्य परिवहन निगम की बस को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का माल बस पर जा गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि हादसे की प्राथमिक वजह ट्रक चालक का गलत दिशा में वाहन चलाना लग रही है। फिलहाल चालक की पहचान की जा रही है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने हादसे पर जताया शोक
रंगारेड्डी जिले के चेवेला मंडल में हुए सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सीएम ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत व बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। रेवंत रेड्डी ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को आदेश दिया है कि बस हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत हैदराबाद लाया जाए और उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी समय-समय पर उन्हें दी जाए। मुख्यमंत्री ने मौजूद मंत्रियों को भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के लिए कहा है ताकि राहत कार्यों की निगरानी की जा सके।
मंत्री पोनम प्रभाकर ने दिए घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश
तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोनम प्रभाकर ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। उन्होंने आरटीसी के एमडी नागी रेड्डी और रंगा रेड्डी जिला कलेक्टर से फोन पर बात कर घायलों को तुरंत उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाए।
तेलंगाना के पूर्व मंत्री और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा चेवेला मंडल में हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर दिया है। 17 लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। केटीआर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button